लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश पुलिस में ‘कुशल खिलाड़ी कोटे’ के तहत चुने गए 470 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।
सीएम योगी ने जताया भरोसा
सीएम योगी ने कहा कि, “नए उत्तर प्रदेश में आज गांवों से लेकर ब्लॉक, ब्लॉक से जिले और जिले से लेकर राज्य स्तर तक खेल के मैदान, मिनी स्टेडियम, स्टेडियम और अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम विकसित किए जा रहे हैं। सरकार को उम्मीद है कि ‘जर्सी’ पहनकर आपने जैसा प्रदर्शन किया, वैसा ही प्रदर्शन आप ‘वर्दी’ पहनकर भी करेंगे।”
राज्य में भर्ती प्रक्रिया बनी पारदर्शी
मुख्यमंत्री ने कहा कि, “हमारी सरकार ने राज्य में भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया। नियुक्ति में किसी की भी सिफ़ारिश काम नहीं आई, कोई लेन-देन नहीं हुआ, और किसी सिंडिकेट को हावी नहीं होने दिया गया। जबकि 2017 से पहले भर्तियों में प्रतिभा से ज्यादा सिफारिश-पहुंच की चर्चा होती थी।”
खिलाड़ियों की भर्ती प्रक्रिया में तेजी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि डबल इंजन सरकार ने खेल प्रतिभाओं को रोजगार और सुरक्षित भविष्य से जोड़ा है। इसी का परिणाम है कि विभिन्न विभागों में अब तक 534 से अधिक खिलाड़ियों की सीधी भर्ती हो चुकी है, जबकि उत्तर प्रदेश पुलिस में 866 अन्य खिलाड़ियों की भर्ती प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है।












