उत्तराखंड में पीएम आवास योजना-ग्रामीण योजना का लाभ, 39,815 परिवारों को मिले पक्के आवास

उत्तराखंड में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के हजारों परिवारों को पक्के आशियाने उपलब्ध हुए हैं।

उत्तराखंड में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के हजारों परिवारों को पक्के आशियाने उपलब्ध हुए हैं। बता दें कि राज्य में साल 2022 से अब तक 39 हजार 815 परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए गए हैं। इस योजना के तहत ऊधमसिंह नगर में सबसे ज्यादा 4,882 पक्के आवास बनाए गए हैं। वहीं सरकारी आंकड़ों के अनुसार हरिद्वार में 4,493 आवास, रुद्रप्रयाग में 4,032 आवास, चमोली में 3,900 आवास बनाए गए हैं। पिथौरागढ़ में 3,386 और पौड़ी में 3,195 परिवारों को इस योजना का लाभ मिला है।

डीबीटी के माध्यम से सहायता राशि उपलब्ध
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण वर्ष 2016 में शुरू की गई थी। जिसका उद्देश्य बेघर और कच्चे और जीर्ण-शीर्ण मकानों में रहने वाले परिवारों को बुनियादी सुविधाओं से युक्त पक्का आवास उपलब्ध कराना है। बता दें कि इस योजना के तहत पात्र लाभार्थी को प्रति आवास 1.30 लाख रुपये की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से दी जाती है।

सीएम धामी ने उठाया मुद्दा
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ग्रामीण क्षेत्रों में ज्यादा से ज्यादा पात्र परिवारों को इस योजना का लाभ दिलाने के लिए केंद्र सरकार के समक्ष आवासों की स्वीकृति का मुद्दा उठाया है। इस योजना के तहत लाभार्थियों को शौचालय निर्माण के लिए स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से 12 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता भी दी जाती है। वहीं आवास निर्माण के लिए 95 दिन की मजदूरी भी उपलब्ध कराई जाती है। इसके अलावा लाभार्थियों को पेयजल, उज्ज्वला गैस और विद्युत कनेक्शन जैसी सुविधाओं से भी जोड़ा जाता है।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़

टॉप स्टोरीज़