बागेश्वर में मुख्यमंत्री धामी ने की बड़ी घोषणाएं, बाल विज्ञान महोत्सव के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बागेश्वर के मंडलसेरा स्थित विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित पंचम सीमांत पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव में शिरकत की।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बागेश्वर के मंडलसेरा स्थित विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित पंचम सीमांत पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव में शिरकत की। उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव का मुख्यमंत्री धामी ने शुभारंभ किया। बता दें कि इस दो दिवसीय महोत्सव में चमोली, चंपावत, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ के 240 चयनित बाल वैज्ञानिक हिस्सा ले रहे हैं।

विज्ञान प्रयोगशालाओं को AI से जोड़ने की घोषणा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बड़ी घोषणा भी की। सीएम ने प्रदेश के सभी जिलों में विज्ञान एवं नवाचार केंद्र स्थापित करने और राज्य की विज्ञान प्रयोगशालाओं को AI से जोड़ने की घोषणा की। इसके अलावा उन्होंने सभी विकासखंडों में ‘लैब ऑन व्हील्स’ स्थापित करने की दिशा में काम करने और सीमांत जनपद विज्ञान महोत्सव एवं संबंधित कार्यक्रमों के लिए एक करोड़ रुपये देने की भी घोषणा की।

छात्रों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने पर जोर
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि छात्रों को आधुनिक तकनीक से जोड़कर भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना बहुत जरूरी है। राज्य सरकार विद्यालयों में विज्ञान आधारित शिक्षा को प्रोत्साहित करने के साथ AI, रोबोटिक्स और ड्रोन तकनीक को बढ़ावा दे रही है। वहीं सीएम धामी ने महोत्सव में प्रतिभाग कर रहे बाल वैज्ञानिकों से भी संवाद किया। सीएम धामी ने विद्यार्थियों से नए विचारों पर काम करने और सवाल पूछने की प्रवृत्ति बनाए रखने का आह्वान किया।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़

टॉप स्टोरीज़