हरियाणा की नायब सैनी सरकार ने प्रदेश के लाखों राशन कार्डधारकों को बड़ी राहत दी है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले निदेशालय ने राशन कार्डधारकों के हित में बड़ा फैसला लिया है। इस फैसले के तहत अक्टूबर महीने में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत लाभार्थियों को बाजरे के स्थान पर राज्य कोटे से अतिरिक्त गेहूं का वितरण किया जाएगा।
राज्य सरकार का राहत भरा फैसला
नायब सैनी सरकार के इस फैसले से अंत्योदय अन्न योजना और गरीबी रेखा से नीचे श्रेणी में आने वाले परिवारों को सहूलियत मिलेगी। पूर्व में खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत गेहूं के साथ बाजरा दिए जाने का प्रावधान तय किया गया था। डिपो पर उपलब्ध स्टॉक के आधार पर सितंबर महीने में एएवाई कार्डधारकों को 23 किलोग्राम और बीपीएल लाभार्थियों को प्रति सदस्य 4 किलोग्राम गेहूं वितरित किया गया था, जबकि बाजरे की आपूर्ति अक्टूबर में की जानी थी।
नुकसान की होगी भरपाई
लेकिन अब नीति में संशोधन किया गया है। अब राज्य सरकार ने बाजरे के स्थान पर शत-प्रतिशत गेहूं ही देने का फैसला किया है। जिन लाभार्थियों को पहले कम गेहूं मिला था, उन्हें इस महीने अब शेष मात्रा का वितरण भी कर दिया जाएगा, जिससे उनके नुकसान की भरपाई की जाएगी।











