उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्रि पर बड़ा संदेश दिया है। सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर की जिसमें उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कहा कि, “स्नेह, वात्सल्य और पोषण की अधिष्ठात्री देवी, माँ स्कंदमाता की आराधना हमें यह पावन संदेश देती है कि जब नारी शक्ति स्वस्थ, शिक्षित और सशक्त होती है, तभी राष्ट्र का वर्तमान सुरक्षित और भविष्य उज्ज्वल होता है।”
पूर्व सरकार पर सीएम का निशाना
सीएम योगी ने पूर्व सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, साल 2017 से पहले, पिछली सरकारें बेटियों को संबल देने के बजाय केवल अपने राजनीतिक कुनबों को पोसने में ही लगी रहीं। राज्य में माताओं के स्वास्थ्य और बेटियों की शिक्षा घोर उपेक्षा और भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई थी। अस्पतालों की जर्जर हालत, दवाओं की कमी और संस्थागत प्रसव की लचर व्यवस्था के कारण मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर चिंताजनक स्तर तक पहुँच गई थी।”
‘डबल इंजन’ सरकार ने बीड़ा उठाया
मुख्यमंत्री ने कहा कि, “पिछले साढ़े नौ वर्षों में, ‘डबल इंजन’ सरकार ने इस स्थिति को बदलने का बीड़ा उठाया है। और आज उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदल रही है। महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने पर जोर दिया गया है। बेटियों, महिलाओं की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है।












