मध्य प्रदेश में जबलपुर-इंदौर आर्थिक गलियारे को लेकर अहम मंथन किया गया। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह के आवास पर जबलपुर के उद्यमियों, महाकौशल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज और विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुलाकात की। यह मुलाकात राज्य में उद्योग और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए अहम मानी जा रही है।
आर्थिक गलियारे को लेकर चर्चा
इस बैठक के दौरान जबलपुर-इंदौर आर्थिक गलियारे को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही राज्य सरकार के इस ऐतिहासिक फैसले का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया गया। इस बैठक में व्यापारिक प्रतिनिधियों ने आर्थिक गलियारे को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। इस परियोजना से औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने, निवेश के नए अवसर पैदा करने में मदद मिलेगी।
उद्योगों का होगा विस्तार
इस आर्थिक गलियारे के माध्यम से जबलपुर, भोपाल और इंदौर में विश्व-स्तरीय आर्थिक और औद्योगिक परिसर स्थापित किए जाएंगे। इससे न सिर्फ पूरे क्षेत्र की समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होगा बल्कि विकास को भी नई गति मिलेगी। उद्योगों का विस्तार होगा और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।












