मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने मुरैना में ‘जन-विश्वास अभियान’ के अंतर्गत ‘एंटरप्राइज डायलॉग’ कार्यक्रम में उद्यमियों के साथ मंथन किया। इस दौरान चंबल एक्सप्रेसवे के आसपास नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की संभावनाओं और इस क्षेत्र में औद्योगिक विकास और निवेश से जुड़े विषयों पर बातचीत हुई। सीएम मोहन यादव ने कहा कि, “एक्सप्रेसवे के पास एक आर्थिक गलियारा (इकोनॉमिक कॉरिडोर) स्थापित किया जाएगा।”
उद्योगों की स्थापना और विस्तार में सहयोग
मुख्यमंत्री ने कहा कि, “राज्य सरकार उद्योगों की स्थापना और विस्तार के लिए लगातार सहयोग दे रही है। मुरैना में 1500 करोड़ रुपये की लागत से एक ग्लास फैक्ट्री लगाई जा रही है, जिससे लगभग 2000 लोगों को रोजगार मिलेगा।”
औद्योगिक क्लस्टर और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा
इसके साथ ही सीएम मोहन यादव ने कहा कि, “औद्योगिक क्लस्टर और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए व्यवस्थित प्रयास किए जाएंगे। दिवाली से पहले चंबल क्षेत्र में संभाग-स्तरीय औद्योगिक सम्मेलन का भी आयोजन किया जाएगा।” इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री ऐदल सिंह कंषाना भी मौजूद रहे।












