राजस्थान के कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक ट्रैंपो ट्रैवलर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। सभी लोग मध्य प्रदेश के बैतूल के रहने वाले थे। इस हादसे पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दुख व्यक्त किया है। बता दें कि यह हादसा शनिवार सुबह 6 बजे सिमलिया थाना क्षेत्र में हुआ।
सीएम मोहन यादव ने जताया शोक
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हादसे को लेकर दुख जताते हुए कहा कि, “आज कोटा में भोपाल से खाटू श्यामजी जा रही एक मिनी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से हुई जनहानि की खबर अत्यंत हृदयविदारक और दुखद है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।”
4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता
राज्य सरकार ने भोपाल और बैतूल जिलों के मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और हर संभव मदद उपलब्ध कराने की घोषणा की। सीएम मोहन यादव ने कहा कि, “बाबा महाकाल दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति दें। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।”












