पुलिस स्मृति दिवस पर मुख्यमंत्री योगी ने किया नमन, कहा-“पुलिस को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की पूरी छूट”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर सभी बहादुर पुलिसकर्मियों को नमन किया।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर सभी बहादुर पुलिसकर्मियों को नमन किया। सीएम योगी ने देश की सुरक्षा, समाज की शांति और नागरिकों के जीवन की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों को श्रद्धांजलि दी। सीएम ने कहा कि, “कर्तव्य की वेदी पर अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले इन बहादुर पुलिसकर्मियों की वीरता, साहस और समर्पण हम सभी के लिए सदैव प्रेरणा के स्रोत बने रहेंगे।”

‘2017 से पहले माफियाओं का बोलबाला’
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि, “साल 2017 से पहले, राज्य में माफियाओं का बोलबाला था। उस समय असामाजिक तत्वों के हौसले इतने बुलंद थे कि मथुरा के जवाहर बाग में कानून का पालन कराते हुए हमारे बहादुर पुलिस अधिकारियों को अपने प्राणों की आहुति देनी पड़ी थी। लेकिन आज, नए उत्तर प्रदेश में कोई भी कानून से ऊपर नहीं है। उत्तर प्रदेश अशांति के दौर से निकलकर अब उत्सव और खुशहाली के माहौल में बदल गया है।”

‘उत्तर प्रदेश पुलिस को पूरी छूट’
सीएम ने आगे कहा कि, “उत्तर प्रदेश पुलिस को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की पूरी छूट दी गई है। 2.26 लाख से अधिक पुलिस भर्तियों, प्रशिक्षण क्षमता में दस गुना वृद्धि, सात प्रमुख शहरों में कमिश्नरेट प्रणाली, हर जिले में साइबर पुलिस स्टेशन और प्रत्येक थाने में महिला हेल्प डेस्क की स्थापना के साथ, हमारी पुलिस व्यवस्था अब अधिक सक्षम, आधुनिक और जवाबदेह बन गई है।”

अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने पोस्ट ने लिखा कि, “गैंगस्टर एक्ट के तहत 88,973 अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई और 15,000 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति की जब्ती, अपराध और अपराधियों के खिलाफ हमारी दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रमाण है। आज के इस अवसर पर, हमारा संकल्प है कि हम अपने बहादुर पुलिसकर्मियों के बलिदान और उनके परिवारों के त्याग को सदैव याद रखेंगे, और उत्तर प्रदेश को सुरक्षित, न्यायपूर्ण तथा भयमुक्त बनाए रखने के लिए निरंतर और अथक प्रयास करते रहेंगे।”

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़