मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अधिकारियों संग अहम मंथन किया। बैठक के दौरान सीएम मोहन यादव ने त्योहारी सीजन की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। बैठक में अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान’ प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जन शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए सभी अधिकारियों का फील्ड में रहना अनिवार्य है।
सीएम के अधिकारियों को निर्देश
इसके अलावा मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अधिकारियों से कहा कि, “दीवाली से पहले क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत पूरी करें, दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करें, और शहरी निकायों के अधूरे निर्माण कार्यों को तय समय-सीमा के अंदर पूरा करें।”
विशेष कार्य योजना तैयार करने के निर्देश
सीएम मोहन यादव ने अधिकारियों को राज्य के कम बारिश वाले 12 जिलों में कृषि, पेयजल और सिंचाई प्रबंधन के लिए एक विशेष कार्य योजना तैयार करने के भी निर्देश दिए। सीएम ने अधिकारियों को कहा कि मौसमी बीमारियों की रोकथाम और इलाज के लिए आवश्यक स्वास्थ्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।












