पहली बार विमेंस वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय महिला टीम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। PM ने टीम को जीत के लिए बधाई दी और लगातार 3 हार और सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग के बावजूद शानदार वापसी की सराहना की। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 2017 में PM मोदी से हुई मुलाकात को याद किया, जब वे ट्रॉफी के बिना उनसे मिली थीं। इस बार वे ट्रॉफी के साथ उनसे मिली हैं। उन्होंने कहा- हम ट्रॉफी के साथ उनसे बार-बार मिलना चाहेंगे। वहीं, उपकप्तान स्मृति मंधाना ने कहा- ‘PM ने सभी को मोटिवेट किया। वे हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।’ भारतीय टीम के साथ BCCI प्रेसिडेंट मिथुन मन्हास और कोच अमोल मजूमदार भी मौजूद रहे। बांग्लादेश के खिलाफ चोटिल होने वाली प्रतिका रावल व्हीलचेयर पर दिखीं। भारतीय टीम ने 2 नवंबर को DY पाटिल स्टेडियम में साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराकर विमेंस वर्ल्ड कप जीता था। बड़े टारगेट के सामने साउथ अफ्रीकी टीम 246 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। कप्तान लौरा वोल्वार्ट ने 101 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत दिलाने से पहले ही आउट हो गईं। भारत से पार्ट टाइम ऑफ स्पिनर शेफाली वर्मा ने 2 विकेट लेकर मैच पलटा। वहीं दीप्ति शर्मा ने 5 विकेट लेकर टीम को जीत दिला दी। दीप्ति प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुनी गईं। By: Bhaskar.com