इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सनल सिलेक्शन ने आरआरबी ग्रुप-ए ऑफिसर और ग्रुप-बी ऑफिसर असिस्टेंट के पदों पर भर्ती को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। इस भर्ती के लिए आवेदन करने की लास्ट डेट को एक्सटेंड कर दिया है। इसलिए बिना देरी किए उम्मीदवार अब ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को पूरा कर सकते हैं। इन पदों पर आवेदन करने की लास्ट डेट को 27 सितंबर, 2026 तक एक्सटेंड कर दिया गया है।
आयु सीमा निर्धारित
बता दें कि इस भर्ती अभियान के जरिये कुल 13,706 योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों की आयु सीमा भी निर्धारित की गई है। जिसके तहत उम्मीदवार की न्यूनतम आयु पदानुसार 18 व 21 वर्ष और पदानुसार अधिकतम आयु 28, 30, 32 और 40 वर्ष निर्धारित है। उम्मीदवारों को आयु-सीमा में छूट भी दी जाएगी। एससी एवं एसटी उम्मीदवारों को 5 वर्ष की छूट, ओबीसी उम्मीदवारों को 3 वर्ष की छूट और दिव्यांग वर्ग के उम्मीदवारों को 10 वर्ष की छूट दी जाएगी।
पात्रता और आवेदन शुल्क
ग्रुप-ए ऑफिसर और ग्रुप-बी ऑफिसर असिस्टेंट के पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान से स्नातक की डिग्री होनी चाहिए। इसके साथ ही उम्मीदवारों को कैटेगरी के आधार पर आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा। अनारक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 850 रुपये आवेदन शुल्क निर्धारित है, वहीं आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 175 रुपये निर्धारित किया गया है।












