उत्तराखंड की धामी सरकार ने खिलाड़ियों के लिए कई योजनाएं लागू की हैं जिसका ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ियों को लाभ मिल रहा है। अब सरकार दो खेल योजनाओं के तहत खिलाड़ियों को खेल छात्रवृत्ति देने की तैयारी में है।
कुल 500 खिलाड़ियों का होगा चयन
बता दें की उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में वर्ष 2026-27 के लिए मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना और मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन कार्यक्रम के प्रभावी संचालन को लेकर अहम बैठक आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों योजनाओं के तहत कुल 500 खिलाड़ियों के चयन और ट्रायल कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया गया।
किन योजनाओं के तहत मिलेगी छात्रवृत्ति ?
जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट ने बताया कि मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के 300 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। जिसके तहत चयनित खिलाड़ियों को हर महीने 1,500 रुपये की खेल छात्रवृत्ति मिलेगी। इस योजना की शुरुआत वर्ष 2022-23 में की गई थी जिसमें से अब तक 1,198 खिलाड़ी लाभान्वित हो चुके हैं।
खेल उपकरण के लिए आर्थिक सहायता
वहीं इसी तरह से मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन कार्यक्रम के तहत भी 14 से 23 वर्ष आयु वर्ग के कुल 200 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। इसमें चयनित खिलाड़ियों को प्रतिमाह 2 हजार छात्रवृत्ति मिलेगी। वहीं योजना के तहत खेल उपकरण के लिए प्रतिवर्ष 10 हजार की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। वर्ष 2023-24 से संचालित इस योजना के तहत अब तक 579 खिलाड़ियों को लाभान्वित किया जा चुका है।
खिलाड़ियों के लिए अहम पहल
धामी सरकार की दोनों योजनाएं प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण पहल हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध हो।











