उत्तराखंड की धामी सरकार राज्य के किसानों को आर्थिक राहत देने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। इसी के तहत धामी सरकार ने किसानों के लिए बड़ा फैसला लिया है। राज्य सरकार इस वर्ष दो लाख किसानों को ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध करा रही है।
दो लाख किसान होंगे लाभान्वित
बता दें की सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हरिद्वार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड में लगभग 30 लाख किसान सहकारिता विभाग से जुड़े हुए हैं। किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। इसी के तहत सरकार इस वर्ष दो लाख किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और कृषि गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
खेत बचाओ अभियान और जैविक खेती पर फोकस
उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए सरकार खेत बचाओ अभियान को तेजी से आगे बढ़ा रही है। साथ ही उत्तराखंड को जैविक कृषि का अग्रणी राज्य बनाने के उद्देश्य से किसानों को ऑर्गेनिक (जैविक) खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। कार्यक्रम में सहकारिता मंत्री ने सहकारिता विभाग द्वारा किसानों के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना भी की।











