नई दिल्ली के पूसा परिसर में “पर्यावरण संरक्षण संकल्प कार्यक्रम और वृक्ष मित्र संवाद” कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने देशभर से जुड़े लगभग 17 हज़ार वृक्ष मित्रों के बीच पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का बड़ा संकल्प रखा।
पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वृक्ष मित्रों से मिले सुझावों और संवाद के आधार पर पर्यावरण संरक्षण को ठोस जनआंदोलन का रूप देने के लिए साफ–सुथरी रूपरेखा सामने रखी। उन्होंने फैसला लिया कि हर परिवार जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ, बच्चों के जन्म, माता–पिता की पुण्य स्मृति जैसे हर अवसर पर पेड़ जरूर लगाएं।
अभियान से लोगों को जोड़ेंगे वृक्ष मित्र
हर वृक्ष मित्र साल में कम से कम एक पेड़ लगाएगा। इसके साथ ही वृक्ष मित्र कम से कम पाँच नए लोगों को इस अभियान से जोड़ने का काम करें। जिसकी सार्वजनिक घोषणा सोशल मीडिया पर अपने पोस्ट के माध्यम से की जाएगी ताकि 12 अगस्त की हरियाली अमावस्या तक एक मजबूत नेटवर्क तैयार हो सके।
धार्मिक-सामाजिक आयोजन में लगाएं पेड़
शिवराज सिंह चौहान ने अपील की है कि हर धार्मिक और सामाजिक आयोजन में एक पेड़ जरूर लगाया जाए। हर शुभ कार्य और सरकारी योजनाएँ- जैसे प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, लखपति दीदी योजना, कृषि और ग्रामीण विकास विभाग के कार्यक्रम पेड़ लगाकर ही शुरू हों। इस अभियान को आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाया जाए। शिवराज सिंह चौहान ने इस अभियान में लोगों की ज्यादा से ज्यादा भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।











