उत्तर प्रदेश सरकार चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में वाराणसी को बड़ी सौगात देने जा रही है। राज्य सरकार ने फैसला किया है कि शहर में कर्मचारी राज्य बीमा निगम का 50 सीटों वाला मेडिकल कॉलेज स्थापित किया जाएगा। जिसकी खास बात यह होगी कि इस कॉलेज में 50 प्रतिशत सीटें श्रमिकों के बच्चों के लिए आरक्षित रहेंगी।
13 एकड़ भूमि निशुल्क उपलब्ध
बता दें कि इस परियोजना के लिए 13 एकड़ भूमि भारत सरकार को निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं इस परिजोजन को लेकर राज्य सरकार ने दावा किया है कि इसे अगले तीन वर्षों में पूरा कर लिया जाएगा। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री अनिल राजभर ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए वाराणसी में 13 एकड़ भूमि भारत सरकार को निशुल्क आवंटित की जाएगी। इस फैसले से मेडिकल कॉलेज की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है और निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
श्रमिकों के बच्चों को विशेष अवसर
मेडिकल कॉलेज में प्रवेश व्यवस्था भी विशेष होगी। मंत्री अनिल राजभर का कहना है कि कॉलेज में कुल सीटों में से 50 प्रतिशत सीटें श्रमिकों के बच्चों के लिए आरक्षित रहेंगी। इसके अलावा 18 प्रतिशत छात्रों का चयन राज्य सरकार और 7 प्रतिशत छात्रों का चयन केंद्र सरकार द्वारा किया जाएगा। इससे श्रमिक परिवारों के बच्चों को चिकित्सा शिक्षा में बेहतर अवसर मिल सकेंगे।











