छत्तीसगढ़ सरकार ने खिलाड़ियों के लिए बड़ा तोहफा दिया है। बिलासपुर में खेलो इंडिया योजना के तहत बनने वाले मल्टी-परपस हॉल का निर्माण किया जाएगा। जिसके लिए 13 करोड़ 77 लाख रुपये की निविदा को मंजूरी दे दी है। इससे खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं तो मिलेंगी ही साथ ही खेलों इंडिया को भी नई रफ्तार मिलेगी। इस राशि से हॉल के निर्माण के साथ ही विद्युतीकरण और बाउंड्रीवॉल निर्माण के काम भी किए जाएंगे।
गुणवत्ता पर विशेष फोकस
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने लोक निर्माण विभाग के बिलासपुर संभाग क्रमांक-2 के कार्यपालन अभियंता को अनुबंधित समयावधि में काम पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही निर्देश दिए की मापदंडों के अनुरूप इसका निर्माण सुनिश्चित होना चाहिए।
अधिकारियों को जरूरी निर्देश
लोक निर्माण विभाग ने कार्यपालन अभियंता को निर्देश दिए कि अनुबंधित कार्य का संपादन और पर्यवेक्षण विभागीय मापदंडों के अनुसार सुनिश्चित होना चाहिए। यह कार्य किसी अन्य को सब-लेट नहीं किया जाएगा। कार्य संपादन के लिए पावर-ऑफ-अटॉर्नी मान्य नहीं होगी। राज्य शासन ने अनुबंध से पहले ठेकेदार से संपूर्ण कार्यावधि के लिए अतिरिक्त प्रदर्शन सुरक्षा की राशि की बैंक गारंटी प्राप्त करने के भी निर्देश दिए हैं।











