केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब में बढ़ते नशे को लेकर पंजाब सरकार को जमकर घेरा। केन्द्रीय मंत्री ने नशे से बनी स्थिति को गंभीरता से लेते हुए गहरी चिंता व्यक्त की है। इसी कड़ी में अमित शाह 20 अक्टूबर को मानसा, संगरूर और गुरदासपुर पहुंचेंगे। जहां अमित शाह उन परिवारों से मुलाकात करेंगे जिन्होंने नशे के कारण हाल ही में अपनी जान गंवा दी।
पंजाब को नशे की गर्त में धकेला
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पोस्ट शेयर की। जिसमें उन्होंने कहा कि, ” आप सरकार ने पंजाब को नशे की गर्त में धकेलने में कोई कसर नहीं छोड़ी है, जिसके परिणामस्वरूप कई परिवारों को अपने बच्चों को खोना पड़ा है। मंगलवार को मैं मानसा, संगरूर और गुरदासपुर में उन लोगों के परिवारों से मिलूंगा, जिन्होंने हाल ही में अपनी जान गंवा दी।”
नशा तस्करों को सलाखों के पीछे भेजेगी भारत सरकार
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि, “इन लोगों ने आप सरकार के संरक्षण में फल-फूल रहे नशा तस्करों के खिलाफ आवाज उठाई थी। इन परिवारों ने जो दुख सहा है, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। नशे के इस काले कारोबार के खिलाफ उठने वाली आवाजों को दबाने की कोशिशें कभी सफल नहीं होंगी, और राज्य की जनता इसका करारा जवाब देगी। भारत सरकार नशा तस्करों को चुन-चुनकर सलाखों के पीछे भेजेगी और तब तक अपनी कोशिशें जारी रखेगी, जब तक कि पंजाब समेत पूरा देश नशे के इस कारोबार से मुक्त न हो जाए।”












