केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है। शिवराज सिंह चौहान ने रिश्वत मांगने की शिकायत पर कृषि मंत्रालय के विपणन अधिकारी अनुराग को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। बता दें कि विपणन अधिकारी ने सीहोर जिले में निरीक्षण के दौरान दो वेयरहाउस से सब्सिडी की राशि जारी करने के एवज में रिश्वत मांगी थी।
60 हजार रुपये की रिश्वत की मांग
शिकायत के अनुसार, भैरुंदा तहसील स्थित शिवाय वेयरहाउस से 1 लाख रुपये और रेहटी क्षेत्र के ग्राम बेहराखेड़ी स्थित कृष्णा वेयरहाउस से 60 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की गई थी। जिसके बाद मामले की शिकायत केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान तक पहुंची थी। शिकायत मिलने के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मामले को गंभीरता से लिया।
तत्काल कार्रवाई के निर्देश
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जिसके बाद कृषि मंत्रालय के विपणन अधिकारी अनुराग को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। कार्रवाई के बाद मंत्रालय की ओर से ये संदेश भी साफ है कि किसानों और वेयरहाउस संचालकों से संबंधित सरकारी प्रक्रिया में किसी भी तरह की अनियमितता या रिश्वतखोरी की शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा।












