स्मार्टफोन यूजर्स के लिए बड़ी खबर सामने आई है। अब केंद्र सरकार ने स्मार्टफोन स्क्रीन गार्ड्स के लिए BIS रजिस्ट्रेशन अनिवार्य कर दिया है। यदि आप भी अपने स्मार्टफोन की स्क्रीन को सुरक्षित रखने के लिए स्क्रीन गार्ड या टेम्पर्ड ग्लास का इस्तेमाल करते हैं, तो ये जानकारी आपके लिए बेहद जरूरी है। दरअसल केंद्र सरकार ने स्मार्टफोन स्क्रीन गार्ड्स की क्वालिटी को लेकर यह बड़ा कदम उठाया है। अब स्क्रीन गार्ड्स के लिए BIS यानि ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स का रजिस्ट्रेशन जरूरी कर दिया है।
कब लागू होंगे नए मानक?
बता दें कि केंद्र सरकार की ओर से जो स्क्रीन गार्ड्स के नए BIS मानक तय किए गए है वो 1 अप्रैल 2027 से देशभर में लागू होंगे। जिसके बाद निर्माताओं और संबंधित कारोबारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके प्रोडक्ट निर्धारित मानकों को पूरा करते हैं या नहीं। बिना जरूरी प्रमाणन के स्क्रीन गार्ड्स की बिक्री पर कार्रवाई की जा सकती है।
जल्दी टूटने वाले स्क्रीन गार्ड्स पर लगाम
केंद्र सरकार के इस फैसले से खराब और जल्दी टूटने वाले स्क्रीन गार्ड्स पर लगाम लगेगी। क्योंकि अभी बाजार में अलग-अलग क्वालिटी के स्क्रीन गार्ड्स आसानी से उपलब्ध हैं। जिसके कारण कई बार कम कीमत के चक्कर में ग्राहक ऐसा स्क्रीन गार्ड खरीद लेते हैं, जो जल्दी टूट जाता है या स्मार्टफोन की स्क्रीन को पर्याप्त सुरक्षा नहीं दे पाता। लेकिन अब नए नियमों के बाद ऐसे प्रोडक्ट्स की बिक्री पर लगाम लगाने की प्रयास किया गया है।
BIS के मानकों के तहत होगी टेस्टिंग
अब BIS के मानकों के तहत टेस्टिंग की जाएगी जिसके बाद ही तय किया जाएगा कि स्क्रीन गार्ड निर्धारित गुणवत्ता पर खरा उतरता है या नहीं। इससे ग्राहकों को प्रोडक्ट की गुणवत्ता को लेकर बेहतर भरोसा मिल सकेगा। नए नियम लागू होने के बाद स्क्रीन गार्ड बनाने वाली कंपनियों को अपने प्रोडक्ट की निर्धारित मानकों के अनुसार टेस्टिंग करानी होगी। इसके बाद ही उन्हें आवश्यक BIS प्रमाणन के साथ बाजार में उतारा जा सकेगा। बिना जरूरी प्रमाणन वाले स्क्रीन गार्ड्स की बिक्री पर एक्शन लिया जा सकता है।
नए नियमों से क्या फायदा?
बता दें कि इन नए नियमों का सबसे सीधा असर ग्राहकों पर पड़ेगा। इसके बाद ग्राहकों को बाजार में बेहतर गुणवत्ता वाले स्क्रीन गार्ड्स मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही ग्राहकों को प्रोडक्ट खरीदते समय BIS मार्क देखकर उसकी प्रमाणित गुणवत्ता की पहचान करना आसान होगा। यानी 1 अप्रैल 2027 के बाद स्मार्टफोन के स्क्रीन गार्ड खरीदते समय सिर्फ कीमत नहीं, बल्कि BIS प्रमाणन पर भी ध्यान देना जरूरी होगा।











