नीट यूजी पेपर लीक होने के बाद से ही एनटीए की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठे। जिसके बाद केंद्र सरकार ने एनटीए में नए पदों पर नियुक्ति के लिए नई टीम का गठन भी किया था। इसके तहत अब केंद्र सरकार ने NTA यानि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी में तीन अधिकारियों की नियुक्ति की है।
दो डायरेक्टर और एक ज्वाइंट डायरेक्टर को नियुक्त किया है।
600 एक्सपर्ट को हटाया गया था
बता दें कि हाल ही में एनटीए में प्रश्न-पत्र बनाने वाले 600 एक्सपर्ट को उनके पद से हटाया गया था। जिसके बाद अब केंद्र सरकार ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी में दो डायरेक्टर और एक ज्वाइंट डायरेक्टर को नियुक्त किया है। इसमें IPS अधिकारी रवि कुमार सिंह और IAS प्रसन्ना वेंकटेश वी शामिल हैं।
तीन हफ्तों के अंदर ज्वाइनिंग जरूरी
कार्मिक मंत्रालय की ओर से आदेश जारी किए गए। जिसके अनुसार अधिकारियों को आदेश जारी होने के 3 सप्ताह के अंदर अपने पद को संभालना होगा। अन्यथा पद न ग्रहण करने पर अधिकारियों को केंद्रीय कर्मचारी योजना से बाहर किया जा सकता है।
चार-स्तरीय पेपर चेकिंग प्रक्रिया
एनटीए की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के लिए केंद्र सरकार ने यह फैसला लिया है। इससे पहले भी केंद्र सरकार ने इसे लेकर कई अहम फैसले लिए थे। जिसमें चार-स्तरीय पेपर चेकिंग प्रक्रिया भी शामिल थी। इस प्रक्रिया के तहत अब किसी भी परीक्षा के लिए प्रश्न-पत्र की जांच एक स्तर पर नहीं की जाएगी। परीक्षा को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए पेपर की जांच अब 4 फेज में पूरी की जाएगी।












