पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल का प्रमुख गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किया गया है। यात्रियों को अब आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा। 17 जुलाई को प्रधानमंत्री मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लोकार्पण करेंगे।
पीएम मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से करेंगे लोकार्पण
पुनर्विकसित गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन परिसर में 17 जुलाई को दोपहर 2 बजे से समारोह आयोजित किया जाएगा। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं जनसंपर्क अधिकारी सौरभ जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि में कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। पुरस्कार वितरण और लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया जाएगा। इसके बाद पीएम मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से स्टेशन का लोकार्पण करेंगे।
25 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास
बता दें कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन का पुनर्विकास किया गया है। जिसके सभी निर्धारित कार्य पूरे हो चुके हैं। अब स्टेशन यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक यात्रा की सुविधा मिलेगी जिससे पर्यटन, व्यापार को भी विकास की गति मिलेगी।
स्टेशन भवन का विस्तार
इस पुनर्विकास कार्य के तहत लगभग 555 वर्गमीटर क्षेत्र में स्टेशन भवन का विस्तार किया गया है। जिसके तहत यात्रियों की सुविधा के लिए तीन नए प्रतीक्षालय, चार आधुनिक शौचालय ब्लॉक, लगभग 10 हजार वर्गमीटर का सर्कुलेटिंग एरिया और सुगम यातायात व्यवस्था विकसित की गई है। अब स्टेशन पर लिफ्ट और एस्केलेटर की सुविधा भी यात्रियों को मिलेगी।











