प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत अनुसूचित जाति के युवाओं को स्वरोजगार का अवसर मिल रहा है। अब इसी दिशा में उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में भी अनुसूचित जाति के 465 युवाओं को स्वरोजगार का मौका मिलेगा।
465 युवाओं को स्वरोजगार का लाभ
दरअसल प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत जिलाधिकारी आशीष चौहान ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 124.94 लाख रुपये की जिला कार्ययोजना को मंजूरी दी है। जिसके बाद इस योजना को अब अंतिम स्वीकृति के लिए भारत सरकार को भेजा गया है। केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद से जिले के अनुसूचित जाति वर्ग के 465 युवाओं को स्वरोजगार का लाभ मिलेगा।
बेरोजगार युवाओं को मिलेगा स्वरोजगार
सरकार की इस कार्ययोजना का मुख्य उद्देश्य जिले के बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार देकर आत्मनिर्भर बनाना है। इसके तहत 175 बेरोजगार अनुसूचित जाति के युवक-युवतियों को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए 87.55 लाख रुपये की अनुदान (सब्सिडी) सहायता प्रदान की जाएगी।
युवाओं को दिया जाएगा प्रशिक्षण
इसके साथ ही युवाओं को रोजगारपरक और कौशल विकास प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। यह ट्रेनिंग प्रतिष्ठित और अधिकृत स्वैच्छिक संस्थाओं के जरिए दिलवाई जाएगी ताकि युवाओं को आसानी से रोजगार मिल सके। सरकार की इस योजना का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। जिससे युवाओं को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।











