देश के कई राज्यों में मानसून का कहर देखने को मिल रहा है। महाराष्ट्र और गुजरात में बारिश से तबाही का मंजर देखने को मिला। इसी बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से हालात की जानकारी ली।
हर संभव मदद का भरोसा
बुधवार को अमित शाह ने फोन पर बात कर दोनों राज्यों में भारी बारिश से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा की और केंद्र की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री ने दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ फोन पर अलग-अलग बातचीत की और बारिश से हुए हालातों की जानकारी ली।
2,100 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया
अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को दक्षिणी गुजरात में भी मूसलाधार बारिश हुई। सबसे ज्यादा असर सूरत जिले में देखने को मिला, जहां बारिश जनित घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि बाढ़ प्रभावित इलाकों से 2,100 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
पाँच लोगों की गई जान
जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि पिछले दो दिन में बारिश से जुड़ी घटनाओं में कुल पांच लोगों की मौत हुई है। एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ आज बिजली का करंट लगने से दो लोगों की मौत होने की जानकारी मिली, जबकि एक और व्यक्ति की मौत कामरेज इलाके में हुई। सोमवार को सूरत के रांदेर इलाके में बिजली का करंट लगने से दो लोगों की मौत हो गई थी।’’











