मध्य प्रदेश के भिंड जिले में अटेर चंबल पुल का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। जिसे पूरा करने में अभी केवल उत्तर प्रदेश वन विभाग की एनओसी जारी होने की देरी है। इसे लेकर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर अटेर चंबल पुल का निर्माण पूरा कराने के लिए वन विभाग की एनओसी जल्द जारी करने का अनुरोध किया है। पत्र में उन्होंने लिखा की चंबल नदी पर निर्माणाधीन अटेर पुल के बचे हुए कार्य को जल्द पूरा करने के लिए उत्तर प्रदेश वन विभाग की एनओसी को जल्द जारी करें।
लंबे समय से कार्य निर्माणाधीन
बता दें कि अटेर चंबल पुल मध्य प्रदेश के भिंड जिले और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के बीच संपर्क का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। लंबे समय से इसका कार्य निर्माणाधीन है। जिसे पूरा करने के लिए अब सिर्फ उत्तर प्रदेश की सीमा में वन विभाग की अनुमति जारी होना बाकी है।
दोनों राज्यों में सुगम आवागमन
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने पत्र में कहा है कि पुल के पूरा होने से दोनों राज्यों के बीच आवागमन सुगम होगा। साथ ही व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं को भी नई गति मिलेगी। केंद्रीय मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उत्तर प्रदेश सरकार से आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कराने और वन विभाग की लंबित एनओसी जारी करने का आग्रह किया है। ताकि लंबित पड़े इस कार्य को जल्द से जल्द पूरा किया जा सके।











