जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का पीएम मोदी ने किया दौरा, आधुनिक सुविधाओं का लिया जायजा

पीएम मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किए गए जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का दौरा किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब के जालंधर के दौरे पर रहे। इस दौरान पीएम मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किए गए जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का दौरा किया। पीएम मोदी ने रेलवे स्टेशन में यात्रियों को मिलने वाली आधुनिक सुविधाओं का जायजा लिया। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू भी इस अवसर पर मौजूद रहे।

नए स्वरूप में तैयार रेलवे स्टेशन
इसके बाद पीएम मोदी ने जनसभा को भी संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि “जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण किया गया है जो देश के विकसित भारत के संकल्प की दिशा में एक अहम कदम है। रेलवे स्टेशन को नए स्वरूप में तैयार किया गया है, जो सिर्फ यात्रियों की सुविधा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये स्थानीय संस्कृति, विरासत और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देने वाले केंद्र बन रहे हैं।”

आधुनिक सुविधाओं से लैस स्टेशन
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि, “जालंधर कैंट स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है और इसकी क्षमता में भी विस्तार किया गया है। आनंदपुर साहिब, मुक्तसर और साहिबजादा अजीत सिंह नगर सहित कई अन्य स्टेशनों में भी बदलाव देखने को मिल रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किए जा रहे स्टेशन स्थानीय परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान को भी प्रदर्शित कर रहे हैं।”

अन्य स्टेशनों को स्थानीय पहचान
प्रधानमंत्री मोदी ने जालंधर की खेल परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा, “यहां का रेलवे स्टेशन पंजाब की खेल संस्कृति और लोक विरासत को दर्शाता है। आनंदपुर साहिब स्टेशन पर तख्त श्री केसगढ़ साहिब की झलक दिखाई देती है, जबकि अन्य स्टेशनों को भी स्थानीय पहचान के अनुरूप विकसित किया जा रहा है।”

जालंधर से नई रेल सेवाओं की शुरुआत
इसके साथ ही पीएम मोदी ने कहा, “जालंधर से कई नई रेल सेवाओं की शुरुआत की गई है। अमृतसर और काशी के बीच शुरू की गई नई रेल सेवा से गुरु रविदास जी के अनुयायियों को यात्रा में सुविधा होगी।”

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़