जालंधर में राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शिरकत की। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी और रेल मंत्री ने देश में अमृत स्टेशन योजना के तहत नवनिर्मित 75 रेलवे स्टेशनों का उदघाटन किया। इस अवसर पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि देश में इस साल के अंत तक देश में 350 रेलवे स्टेशनों का नवनिर्माण किया जाएगा।
20 राज्यों में 75 स्टेशनों का उद्घाटन
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि देश के 20 राज्यों में 75 स्टेशनों का उद्घाटन किया गया है। वहीं अब केंद्र सरकार ने 1300 रेलवे स्टेशनों ने नवनिर्माण का रोडमेप भी तैयार किया है, जिनमें से 261 स्टेशन बनकर तैयार हो चुके हैं।
पंजाब में 30 हजार करोड़ की रेल परियोजनाओं पर काम
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि देश के रेलवे स्टेशनों को भविष्य की क्षमता और जरूरतों को देखकर तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इस समय पंजाब में 30 हजार करोड़ की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है। करीब 1800 करोड़ रुपये की लागत से 30 रेलवे स्टेशनों का नवनिर्माण किया जाएगा। इनमें से जालंधर, आनंदपुर साहिब, मुक्तसर तथा साहिबजादा अजीत सिंह नगर स्टेशनों का काम पूरा हो चुका है।
यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
रेल मंत्री ने कहा कि इन रेलवे स्टेशन के कायाकल्प से यात्रियों को भी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। इसी दिशा में केंद्र सरकार लगातार काम कर रही है।












