रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस रेल सेवा का शुभारंभ, अश्विनी वैष्णव और सीएम धामी ने वर्चुअली दिखाई हरी झंडी  

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस रेल सेवा को संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाई।

उत्तराखंड की रेल कनेक्टिविटी को मजबूती मिली है। शनिवार को रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस रेल सेवा का शुभारंभ किया गया। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस रेल सेवा को संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाई। बता दें कि  यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन संचालित होगी।

क्षेत्रीय संपर्क होगा मजबूत
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस अवसर पर कहा कि रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करेगी। इसके साथ-साथ पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। वहीं रेल मंत्री ने यह भी कहा की अगर इस ट्रेन में यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो भविष्य में इस ट्रेन का संचालन हर दिन किया जाएगा।

20 नई रेल सेवाएं शुरू
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आगे कहा कि साल 2023 से अब तक उत्तराखंड को देश के विभिन्न हिस्सों से जोड़ने के लिए 20 नई रेल सेवाएं शुरू की गई हैं। इसके साथ ही राज्य के 11 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। जिससे रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिल सके।

व्यापारियों, कर्मचारियों और पर्यटकों को लाभ
वहीं इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नई रेल सेवा सिर्फ एक ट्रेन नहीं, बल्कि कुमाऊं और गढ़वाल मंडलों के बीच विकास, संपर्क और अवसरों की नई जीवनरेखा साबित होगी। इससे यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, कर्मचारियों और पर्यटकों को लाभ मिलेगा।

पीएम मोदी और रेल मंत्री का जताया आभार
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया और कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तराखंड में रेलवे अवसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना भी अब अंतिम चरण में है। वहीं प्रदेश को दो वंदे भारत ट्रेनों की सौगात मिल चुकी है।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़