उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को बड़ी सौगात दी है। सीएम धामी ने उत्तराखंड भवन और अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत, 10,709 पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में 18.49 करोड़ की सहायता राशि ट्रांसफर की है।
सीएम के अधिकारियों को निर्देश
इसके अलावा सीएम पुष्कर सिंह धामी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे श्रमिक कल्याण योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। ताकि ज़्यादा से ज़्यादा पात्र श्रमिकों को तय समय-सीमा के अंदर लाभ मिल सके। साथ ही सीएम धामी ने यह भी सुनिश्चित किया है कि स्वास्थ्य जांच के दौरान बीमारियों से पीड़ित पाए गए श्रमिकों को उचित इलाज मिले और योजनाओं का लाभ दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले पात्र श्रमिकों तक भी पहुँचे।
श्रमिक स्वास्थ्य योजना के तहत स्वास्थ्य जांच
सीएम धामी ने बताया कि, “श्रमिक परिवारों के लिए चलाए जा रहे एकीकृत कल्याण मॉडल के तहत अब तक कुल 83,319 किट बांटी गई हैं, जिनमें 33,429 शैक्षिक सामग्री किट, 26,674 स्वच्छता सामग्री किट और 23,216 पोषण किट शामिल हैं। वहीं, श्रमिक स्वास्थ्य योजना के तहत 20,527 स्वास्थ्य स्क्रीनिंग और 2,32,281 स्वास्थ्य जांच की गई हैं।”












