देवभूमि उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पुरजोर तरीके से जुटी हुई है। जिसके लिए बीजेपी ने नई रणनीति तैयार कर ली है। भारतीय जनता पार्टी अब प्रकोष्ठों के जरिये समाज के अलग-अलग वर्गों में अपनी राजनीतिक पहुंच बढ़ाना चाहती है। जिसके लिए बनाई गई रणनीति के तहत पार्टी प्रदेश में प्रकोष्ठों के बड़े सम्मेलन करेगी।
राज्य स्तरीय सम्मेलन का आयोजन
इस रणनीति के तहत कुमाऊं और गढ़वाल में एक-एक राज्य स्तरीय सम्मेलन का आयोजन होगा। इस सम्मेलनों में केंद्रीय स्तर के बड़े नेताओं की मौजूदगी रहेगी। इसके साथ ही प्रत्येक जिले में भी एक बड़ा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी राम माधव और सह-प्रभारी बांसुरी स्वराज और अरविंद मेनन ने मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के साथ संवाद किया। जिसके बाद चुनावी तैयारियों का प्रारंभिक खाका खींचा।
सह-प्रभारी बांसुरी स्वराज को जिम्मेदारी
बता दें कि सह-प्रभारी बांसुरी स्वराज को एनजीओ, निकाय और पंचायत से जुड़े प्रकोष्ठों की जिम्मेदारी दी गई है। इनके माध्यम से सामाजिक संगठनों, स्थानीय निकायों और पंचायत प्रतिनिधियों के साथ संवाद को विस्तार दिया जाएगा। वहीं, अरविंद मेनन को संगठन, शिक्षक और पूर्व सैनिक प्रकोष्ठों की कमान सौंपी गई है। इन वर्गों के बीच संगठन की सक्रियता बढ़ाने के साथ चुनावी तैयारियों को गति देने की जिम्मेदारी उनके हिस्से होगी।












