देहरादून में इंडियन कोस्ट गार्ड और हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट (HMI) दार्जिलिंग की संयुक्त पर्वतारोहण टीम ने आधिकारिक आवास पर ‘फ्लैग-इन’ समारोह आयोजित किया गया । इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए।
सीएम धामी ने दी बधाई
हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट दार्जिलिंग के प्राचार्य कर्नल रजनीश जोशी के नेतृत्व में इस संयुक्त दल ने 7,045 मीटर ऊंचे माउंट मुकुट ईस्ट का सफल आरोहण किया है। जिसे लेकर सीएम धामी ने टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि, “7,045 मीटर ऊंचे माउंट मुकुट ईस्ट पर सफलतापूर्वक चढ़ाई करके, टीम ने अटूट साहस, दृढ़ संकल्प और बेहतरीन पर्वतारोहण कौशल का प्रदर्शन करते हुए एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। इस शानदार सफलता के लिए अभियान दल के सभी सदस्यों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।”
चोटी पर उत्तराखंड का विशाल ध्वज फहराया
यह पर्वतारोहण अभियान उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 गौरवशाली वर्षों (रजत जयंती) को समर्पित किया गया था। जिसके तहत दल ने चोटी पर उत्तराखंड का विशाल ध्वज भी फहराया। बता दें कि ‘फ्लैग-इन’ समारोह के अवसर पर HMI, दार्जिलिंग के प्रिंसिपल और अभियान दल के लीडर कर्नल रजनीश जोशी और इंडियन कोस्ट गार्ड के अतिरिक्त महानिदेशक आनंद प्रकाश बडोला मौजूद थे।












