उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहकार भारती उत्तराखंड द्वारा पंतनगर स्थित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में ‘श्री लक्ष्मणराव इनामदार सहकारी नेतृत्व प्रशिक्षण पाठ्यक्रम’ के दूसरे बैच का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सीएम धामी ने कार्यक्रम को भी संबोधित किया।
“सहकार से समृद्धि’ का संकल्प होगा साकार”
सीएम धामी ने कहा कि, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में, देश भर में ‘सहकार से समृद्धि’ के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी दिशा में, देवभूमि उत्तराखंड में भी ग्रामीण विकास और आर्थिक सशक्तिकरण के एक मजबूत माध्यम के रूप में सहकारिता को सुदृढ़ किया जा रहा है।”
‘PACS महत्वपूर्ण आधार स्तंभ’
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि, “PACS (पैक्स) राज्य की सहकारी व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण आधार स्तंभ हैं। बदलती जरूरतों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आवश्यकताओं के अनुरूप, उन्हें M-PACS (एम-पैक्स) के रूप में अधिक सक्षम और प्रभावी बनाया जा रहा है। हमारा लक्ष्य सहकारिता की शक्ति का उपयोग करते हुए हर गांव तक पहुंचना और किसानों, युवाओं तथा ग्रामीण समुदायों को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर एक आत्मनिर्भर और समृद्ध उत्तराखंड का निर्माण करना है।”












