मसूरी गोलीकांड की बरसी पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य आंदोलन के शहीद कार्यकर्ताओं को नमन किया और उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मसूरी के झूलाघर स्थित शहीद स्थल पर मौजूद लोगों को संबोधित भी किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी के साथ-साथ कई गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।
राज्य आंदोलनकारियों को नमन
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि, “उत्तराखंड राज्य आंदोलन हमारे इतिहास का वो गौरवशाली अध्याय है, जिसमें राज्य आंदोलनकारियों ने अपने संघर्ष, तपस्या, त्याग और शहादत के दम पर अलग राज्य का सपना साकार किया। राज्य के गठन के लिए अपना सब कुछ न्योछावर करने वाले अमर शहीदों का बलिदान उत्तराखंड के हर निवासी की यादों में हमेशा जीवित रहेगा।”
राज्य सरकार की सेवा में नौकरी
सीएम धामी ने कहा कि, “राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और योगदान के सम्मान में, उनके और उनके आश्रितों के लिए सरकारी सेवाओं में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान किया गया है। राज्य आंदोलनकारियों को पहचान-पत्र जारी करने के साथ-साथ, 98 आंदोलनकारियों को राज्य सरकार की सेवा में नौकरी भी दी गई है। हमारी सरकार उनके सपनों और शहीदों की भावनाओं के अनुरूप एक मजबूत, समृद्ध और आत्मनिर्भर उत्तराखंड बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।”












