हरियाणा विधानसभा का सत्र जारी है। इस दौरान मंगलवार को बादली के कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स ने सरकारी स्कूलों की जर्जर इमारतों का मुद्दा सदन में उठाया। जिसके जवाब में शिक्षा मंत्री महिपाल सिंह ढांडा ने कहा कि राज्य सरकार ने पूरी तरह जर्जर सरकारी स्कूलों को अब नए सिरे से बनाने का फैसला लिया है।
नए सिरे से बनेंगे जर्जर भवन
हरियाणा की नायब सैनी सरकार ने सरकारी स्कूलों की जर्जर इमारतों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश में सर्वे के दौरान जो भी पूरी तरह जर्जर पाए गए 118 स्कूल हैं उनके भवनों की अब मरम्मत नहीं की जाएगी बल्कि उसके बजाय नए सिरे से उन भवनों को बनाया जाएगा।
200 करोड़ रुपये का बजट मंजूर
राज्य सरकार ने इस फैसले के तहत 200 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया है। इसके साथ ही कई भवनों के निर्माण की टेंडर प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। नए भवनों को आधुनिक सुविधाओं और मौजूदा जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही विधानसभा में शिक्षा मंत्री महिपाल सिंह ढांडा ने सदन में प्रस्तावित नए भवनों की तस्वीरें भी दिखाई। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में जर्जर स्कूलों को चिह्नित किया गया है। बादली विधानसभा क्षेत्र में अकेले सात स्कूलों के नए भवन बनाए जाएंगे।
स्कूलों में शिक्षकों की कमी होगी दूर
इसके अलावा सदन में शिक्षकों की कमी का मुद्दा भी उठा। जिसे लेकर शिक्षा मंत्री महिपाल सिंह ढांडा ने बताया कि शिक्षकों की भर्ती के लिए हरियाणा लोक सेवा आयोग और हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग को डिमांड भेजी जा चुकी है। सरकार स्कूलों में पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।












