उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरेला पर्व के उपलक्ष्य में पौड़ी गढ़वाल पहुंचे। जहां सीएम धामी ने यमकेश्वर विकासखंड स्थित मालाग्राम पहुंचकर पौधरोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस अवसर पर सीएम धामी ने पौधरोपण किया। राज्य की जनता को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मुख्यमंत्री धामी ने श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय का विस्तृत भ्रमण किया। इस दौरान सीएम धामी ने संरक्षित दुर्लभ औषधीय वनस्पतियों, अनुसंधान गतिविधियों और आयुर्वेद आधारित नवाचारों की जानकारी प्राप्त की।
प्राकृतिक धरोहर के संरक्षण पर फोकस
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड की समृद्ध जैव विविधता, हिमालयी औषधीय वनस्पतियों के संरक्षण पर विशेष फोकस किया। उन्होंने कहा कि राज्य की यह प्राकृतिक धरोहर पूरे विश्व के लिए अमूल्य है और इसका संरक्षण और वैज्ञानिक शोध वर्तमान समय की आवश्यकता है।
स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसर
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इस दिशा में किए जा रहे प्रयास पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा देने का काम करेंगे। इसके साथ-साथ औषधीय पौधों के संवर्धन, आयुर्वेद आधारित अनुसंधान, हर्बल पर्यटन और स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसर भी सृजित करेंगे।
हर्बल पार्क में औषधीय पौधों का संरक्षण
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि, मालाग्राम स्थित ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ देश का अपनी तरह का एक अनूठा हर्बल पार्क है, जहां देश के विभिन्न राज्यों एवं हिमालयी क्षेत्रों से लाई गई दुर्लभ जड़ी-बूटियों और औषधीय पौधों का संरक्षण किया जा रहा है। यह परिसर पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों और आधुनिक शोध के समन्वय का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहा है।











