नेशनल स्पोर्ट्स डे पर सीएम धामी की बड़ी सौगात, पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का किया शुभारंभ

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नेशनल स्पोर्ट्स डे के मौके पर बड़ी सौगात दी है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नेशनल स्पोर्ट्स डे के मौके पर बड़ी सौगात दी है। सीएम धामी ने नैनीताल के हल्द्वानी में राज्य की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के मानसखंड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पहले चरण के तहत 43.50 करोड़ के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इसके साथ ही सीएम ने यूनिवर्सिटी के पहले एकेडमिक सेशन का उद्घाटन किया। इस मौके पर नेशनल और इंटरनेशनल लेवल पर मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। वहीं मुख्यमंत्री उभरते खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के लाभार्थियों को DBT के ज़रिए स्कॉलरशिप भी दी गई।

‘निवेशकों का भरोसा बढ़ रहा’
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि, “हल्द्वानी में मैंने व्यापार और उद्योग जगत के भाइयों-बहनों से बातचीत की और उनके सुझाव व अपेक्षाएं सुनीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में, हमारी डबल-इंजन सरकार उत्तराखंड में निवेश, उद्योग और रोज़गार को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। राज्य में बेहतर कनेक्टिविटी, मज़बूत इंफ्रास्ट्रक्चर और उद्योग-अनुकूल माहौल के कारण निवेशकों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है”।

29,000 से ज़्यादा नई MSME इकाइयां स्थापित
सीएम ने कहा कि “राज्य में 29,000 से ज़्यादा नई MSME इकाइयां स्थापित की गई हैं, जिनसे लगभग 1.27 लाख युवाओं को सीधा रोज़गार मिला है। इसके अलावा, सिंगल-विंडो पोर्टल के ज़रिए 26 प्रमुख विभागों की 206 से ज़्यादा सेवाएं अब ऑनलाइन उपलब्ध हैं, जिससे व्यापार और उद्योग से जुड़ी प्रक्रियाएं और भी आसान हो गई हैं”।

उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को नए पंख
सीएम धामी ने कहा कि, “हमारी कोशिश है कि स्थानीय व्यापारियों, उद्यमियों और युवाओं को ज़्यादा से ज़्यादा अवसर दिए जाएं और इस तरह उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जाया जाए। व्यापार और उद्योग जगत से मिले सुझाव हमारे लिए महत्वपूर्ण हैं। हमारी सरकार राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में भविष्य के लिए तैयार करने की दिशा में तेज़ी से काम कर रही है। आधुनिक खेल सुविधाओं के विकास, बेहतर प्रशिक्षण, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और ज़रूरी संसाधनों की उपलब्धता के ज़रिए खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन के लिए तैयार किया जा रहा है।”

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़