दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 9वें राष्ट्रीय पोषण माह और ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने आंगनवाड़ी दीदियों को सम्मानित किया। जिसके बाद कार्यक्रम को भी संबोधित किया।
सेवा का मूल्य शब्दों में नहीं
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि, “बच्चे की ज़िंदगी का पहला सबक, पहला पोषण और घर के बाद मिलने वाला पहला प्यार… इन सबके केंद्र में हमारी आंगनवाड़ी दीदियाँ हैं। वे हर दिन अनगिनत छोटे-छोटे सपनों को संवारती हैं। कभी वे माँ की तरह लाड़-प्यार करती हैं, तो कभी शिक्षिका की तरह सिखाती हैं और हर बच्चे के स्वस्थ व उज्ज्वल भविष्य की नींव मज़बूत करती हैं। उनकी सेवा का मूल्य शब्दों में नहीं आंका जा सकता।”
दिल्ली सरकार का संकल्प
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि, “दिल्ली सरकार का संकल्प है कि बच्चों को संवारने वाली हमारी आंगनवाड़ी दीदियों का सम्मान बढ़े, वे सशक्त बनें और उन्हें बेहतर सुविधाएँ मिलें।” इस मौके पर नगर पार्षद अनीता जैन और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।












