दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने राजधानी में सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में ‘दुर्गा’ ई-ऑटो स्कीम को मंज़ूरी दी गई है। इस योजना के तहत पहले चरण में 1,300 पिंक ई-ऑटो दिए जाएंगे।
महिला और ट्रांसजेंडर चालक करेंगे संचालन
बता दें कि इन ई-ऑटो का संचालन सिर्फ महिला और ट्रांसजेंडर चालक करेंगे। सरकार का कहना है कि यह पहल रोजगार सृजन, महिला सशक्तिकरण और यात्रियों को सुरक्षित लास्ट-माइल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि, “ये ई-ऑटो आजीविका का ज़रिया और आत्मनिर्भरता का साधन बनने के साथ-साथ दिल्ली में सुरक्षित और साफ़-सुथरे ट्रांसपोर्ट का नया माध्यम भी बनेंगे।”
स्वरोजगार का अवसर प्रदान करना उद्देश्य
सीएम रेखा गुप्ता का कहना है कि आत्म-सम्मान से लेकर स्वरोज़गार तक, दिल्ली सरकार हर कदम पर आपके साथ है। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह योजना खासतौर पर महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए तैयार की गई है। जिसका मुख्य उद्देश्य है स्वरोजगार का अवसर प्रदान करना। सरकार का मानना है कि इससे सुबह और देर शाम यात्रा करने वाले यात्रियों, विशेषकर महिलाओं को एक अतिरिक्त और अपेक्षाकृत सुरक्षित परिवहन विकल्प उपलब्ध होगा।












