दिल्ली के विकास के सफर में एक और अहम अध्याय जुड़ गया है। केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने 1,941 करोड़ से ज़्यादा की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। सीएम रेखा गुप्ता इस अवसर पर मौजूद रही। सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली के सभी निवासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया।
लाखों लोगों का सफर होगा आसान
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि, “लंबे समय से लंबित बारापुल्ला एलिवेटेड रोड का तीसरा चरण अब दिल्लीवासियों की सेवा के लिए समर्पित है। इससे मयूर विहार फेज-1 से एम्स तक का सफर सिग्नल-फ्री हो जाएगा। ट्रैफिक जाम कम होगा, समय की बचत होगी और लाखों लोगों का रोज़ाना का सफर आसान हो जाएगा।”
दिल्ली की कनेक्टिविटी को नई मजबूती
मुख्यमंत्री ने कहा कि, “मुकरबा चौक अंडरपास के साथ-साथ मोदी मिल-सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर और लोनी अंडरपास भी दिल्ली की कनेक्टिविटी को नई मजबूती देंगे। दिल्लीवासियों का समय बचे, उनका सफर आसान हो और उनके जीवन में सुविधा बढ़े इसी संकल्प के साथ हम ‘विकसित दिल्ली’ बनाने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं।” इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा , कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्रराज सिंह, कपिल मिश्रा, डॉ. पंकज कुमार सिंह और विधायक सरदार तरविंदर सिंह मारवाह, रविंद्र सिंह नेगी के साथ-साथ अन्य गणमान्य अतिथि भी मौजूद रहे।











