गुजरात की भूपेंद्र पटेल सरकार का बड़ा फैसला, गुरु रविदास जयंती पर करोड़ों की विकास परियोजनाओं को मंजूरी

गुजरात सरकार ने संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती मनाने के मकसद से कई प्रोजेक्ट्स के लिए 231 करोड़ रुपये से ज्‍यादा की राशि आवंटित करने की घोषणा की।

गुजरात सरकार ने बड़े फैसले लेते हुए संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती मनाने के मकसद से कई प्रोजेक्ट्स के लिए 231 करोड़ रुपये से ज्‍यादा की राशि आवंटित करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुजरात विधानसभा के नौवें सत्र के दूसरे दिन यह बड़ी घोषणा की। इसके अलावा राज्य सरकार ने राज्य स्तर पर डॉ. बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर भवन के निर्माण के लिए भी प्रस्ताव रखा जिसकी लागत करीब 40 करोड़ रुपये है। इस भवन में शिक्षा, हॉस्टल, लाइब्रेरी और प्रतियोगी परीक्षाओं की क्लास जैसी सुविधाएं होंगी।

मुख्यमंत्री ने की बड़ी घोषणाएं
विधानसभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने एक के बाद एक कई बड़ी घोषणाएं की। जिनमें संत शिरोमणि गुरु रविदासजी महाराज विद्याश्रय योजना के तहत कॉलेज के छात्रों के लिए
हॉस्टल और पीजी सहायता भी शामिल है। इसके लिए राज्य सरकार ने 50 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा है।

चेयर सेंटर किया जाएगा स्थापित
राज्य सरकार ने घोषणा करते हुए कहा कि जूनागढ़ में भक्त कवि नरसिंह मेहता यूनिवर्सिटी में संत शिरोमणि गुरु रविदासजी महाराज चेयर सेंटर भी स्थापित किया जाएगा। सरकार ने गुजरात की 70 यूनिवर्सिटीज में क्विज प्रतियोगिता, पुरस्कार, होर्डिंग और बैनर जैसी गतिविधियों के साथ-साथ गुरु रविदास के जीवन और कार्यों पर किताबें और ऑडियोबुक तैयार करने के लिए भी अनुदान का प्रस्ताव रखा है।

आश्रम के समग्र विकास के लिए प्रस्ताव
सत्र के दौरान सरकार ने जूनागढ़ जिले के विसावदर तालुका के सरसाई गांव में आश्रम के समग्र विकास के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा है। अनुसूचित जातियों के विभिन्न संतों की झोपड़ियों और आश्रमों वाले परिसरों के आधुनिकीकरण और नवीनीकरण के लिए 30 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा गया है।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़

टॉप स्टोरीज़