कांवड़ मेले के लिए उत्तराखंड सरकार का “मास्टर प्लान”

धामी सरकार में मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि कांवड़ यात्रा देश के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में शामिल है और लाखों श्रद्धालु प्रतिदिन हरिद्वार पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा, सुविधा और सम्मान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उत्तराखंड की धामी सरकार आगामी कांवड़ मेला-2026 के सफल आयोजन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कांवड़ मेले के सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर धामी सरकार ने सभी अधिकारियों को अलर्ट पर रखा है वहीं सरकार के मंत्री भी मेले की तैयारियों पर अपनी नजर बनाए हुए हैं। इसी तहत हरिद्वार जनपद के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने सीसीआर सभागार में अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने और पड़ोसी राज्यों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।
धामी सरकार में मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि कांवड़ यात्रा देश के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में शामिल है और लाखों श्रद्धालु प्रतिदिन हरिद्वार पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा, सुविधा और सम्मान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान सहित पड़ोसी राज्यों के प्रशासन के साथ समन्वय बढ़ाकर सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्गों पर स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा, विद्युत, प्रकाश व्यवस्था, विश्राम स्थलों सहित सभी मूलभूत सुविधाएं समय रहते उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही सभी व्यवस्थाओं का पूर्व परीक्षण (ड्राई रन) भी किया जाए। बैठक में श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए। सतपाल महाराज ने कहा कि यह उत्तराखंड की अतिथि देवो भवः की परंपरा और शिवभक्तों के प्रति सम्मान का प्रतीक होगा।
वहीं कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और यातायात प्रबंधन, पार्किंग, डायवर्जन और भीड़ नियंत्रण की योजनाओं का पहले से परीक्षण कर लें। इसी बीच जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने विभागवार तैयारियों की प्रगति प्रस्तुत की और बताया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के अंदर पूरे किए जा रहे हैं। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर और पुलिस अधीक्षक (यातायात) निशा यादव ने सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, पार्किंग, डायवर्जन और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी संबंधी तैयारियों की जानकारी दी।
बैठक में गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि कांवड़ यात्रा का संचालन सुचारु रूप से हो सके। बैठक के अंत में प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार कांवड़ मेला-2026 को दिव्य, भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। उन्होंने चारधाम यात्रा की प्रगति की जानकारी भी दी, बताया कि 2 जुलाई 2026 तक चारधाम एवं हेमकुंड साहिब में कुल 42,72,040 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इनमें यमुनोत्री में 6,30,576, गंगोत्री में 6,76,902, केदारनाथ में 13,81,107, बद्रीनाथ में 14,14,639 तथा हेमकुंड साहिब में 1,68,825 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। ऐसे में अब काँवड़ मेले के सफल आयोजन के लिए सरकार निरंतर काम कर रही है।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़