मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुए ट्रक हादसे में 13 से ज्यादा श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है। शीतला माता मंदिर के पास शनिवार देर रात अनियंत्रित ट्रक ने श्रद्धालुओं को कुचल दिया। जिसमें 13 से ज्यादा श्रद्धालुओं की मौत हो गई है वहीं 30 से ज्यादा लोग घायल हैं। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
सीएम मोहन यादव ने जताया दुख
सीएम मोहन यादव ने कहा कि, “श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर अत्यंत हृदयविदारक है। दुख की इस घड़ी में, राज्य सरकार सभी प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। मेरी संवेदनाएं मृतकों के परिवारों के साथ हैं।”
आर्थिक सहायता के निर्देश
मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 2-2 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए गए है। सभी घायलों का इलाज निःशुल्क किया जाएगा। प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर के रहने वाले हैं। सीएम ने कहा कि, “बाबा महाकाल से प्रार्थना करता हूँ कि वे दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें, शोकाकुल परिवारों को इस गहरे दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें और घायलों को जल्द स्वास्थ्य लाभ दें।”












