प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर पूरे देश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। जिसके तहत मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंत्रालय में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर, 2026 तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा की। इस बैठक में सीएम मोहन यादव ने अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे इसे केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रखें, बल्कि इसे प्रभावी जन-संवाद और जन-भागीदारी का एक व्यापक स्वरूप दें।
जिलों में तारीख-वार कार्य-योजना करें तैयार
सीएम मोहन यादव ने कहा कि, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा, सुशासन और राष्ट्र-निर्माण की गौरवशाली यात्रा और प्रमुख उपलब्धियों को हर व्यक्ति तक पहुँचाएँ। इस अभियान में ‘जन-विश्वास अभियान’ की गतिविधियों को भी शामिल करें। यह सुनिश्चित करें कि राज्य के सभी जिलों की विकास पुस्तिकाएँ हर व्यक्ति तक पहुँचें। सभी मंत्री अपने-अपने विभागों और प्रभार वाले जिलों में अभियान की नियमित समीक्षा करें और जिलों में तारीख-वार कार्य-योजना तैयार करें।”
13 प्रमुख कार्यक्रम होंगे आयोजित
इसके साथ ही सीएम मोहन यादव ने जानकारी दी कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएँगे। जिनमें ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’, ‘रंगोली राष्ट्र’, ‘नेशनल इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से संसद तक’आदि कार्यक्रम शामिल है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि “इसके माध्यम से नागरिकों को ‘विकसित भारत @ 2047’ के संकल्प से जोड़ा जाएगा।”












