मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ‘किसान कल्याण वर्ष-2026’ के तहत ग्वालियर में बलराम जयंती और सहकारी किसान सम्मेलन में शिरकत की। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मौजूदगी में चार अहम पहलों की शुरुआत की गई। सीएम मोहन यादव ने किसान क्रेडिट कार्ड पोर्टल लॉन्च किया, जिससे किसान घर बैठे ही आवेदन कर सकेंगे। शून्य प्रतिशत ब्याज दर वाली लोन योजना को भी आसान बनाया गया, जिसके तहत किसान अपनी सुविधा के अनुसार 12 महीनों में लोन चुका सकते हैं। किसान कृषि कवच योजना भी शुरू की गई। इसके ज़रिए ज़रूरतमंद किसानों को भी लोन और सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
‘किसानों के लिए बहुत महत्वपूर्ण दिन’
इसके साथ ही, सीएम मोहन यादव ने ग्वालियर में 200 नई PACS संस्थाओं के कार्यालयों और एपेक्स बैंक की डिविज़नल ब्रांच का भी उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर सीएम मोहन यादव ने कहा कि, “आज का दिन किसानों के लिए बहुत महत्वपूर्ण रहा। हमारी सरकार बीज से बाज़ार और खेत से निर्यात तक किसानों की समृद्धि के सफ़र को मज़बूत कर रही है। पारंपरिक खेती हमारी विरासत है, जबकि एग्री-टेक और एग्री-बिज़नेस हमारा भविष्य है।”
‘किसानों की समृद्धि का रास्ता’
मुख्यमंत्री ने कहा कि, “डेयरी उत्पादन और पशुपालन किसानों की समृद्धि का रास्ता बना रहे हैं। किसानों की आय बढ़ाने के लिए हमारी सरकार पशुपालन को बढ़ावा दे रही है और किसान सम्मान निधि के ज़रिए लगातार आर्थिक मदद दे रही है।”












