मध्यप्रदेश सरकार का उद्देश्य राज्य की जनता को सुरक्षित, आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में राज्य सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। दरअसल मुख्यमंत्री मोहन यादव 25 सितंबर को ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ का भव्य शुभारंभ करेंगे।
351 बसों को हरी झंडी दिखाएंगे सीएम
बता दें कि भोपाल के दशहरा मैदान में यह राज्यस्तरीय कार्यक्रम में आयोजित किया गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 351 बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस कदम से न सिर्फ प्रदेश के विभिन्न शहरों के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत होगी, इसके साथ ही यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के अंतर्गत प्रदेश में लगभग 1500 बसें चलना शुरू हो जाएंगी।
दो श्रेणियों में बस सेवाएं
इस कार्यक्रम के दौरान 351 बसों को एक साथ हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। इसे दो श्रेणियों में विभाजित किया गया है। इसमें 120 इंटरसिटी बसें हैं जो दो या दो से अधिक शहरों के बीच आवागमन को सुगम बनाएंगी। वहीं 231 इंट्रासिटी बसें शहरों के अंदर नागरिकों को सुरक्षित, सुलभ और सस्ती यात्रा सुविधा प्रदान करेंगी।
7 शहरों के लिए सौगात
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा अंतर्गत पहले चरण में प्रदेश के 7 प्रमुख शहरों की बसों को हरी झंडी दिखाई जाएगी। वहीं राज्य सरकार का लक्ष्य है कि साल 2031 तक 75 प्रतिशत ग्राम पंचायतों को बस सेवा से जोड़कर ग्रामीण कनेक्टिविटी को नई मजबूती दी जाएगी। प्रदेशभर में लगभग 15,000 से ज्यादा आधुनिक सार्वजनिक बसें संचालित की जाएंगी। इससे प्रतिदिन 30 लाख से ज्यादा यात्रियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा प्रदान होगी।












