मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंत्रालय में ज़िलों के कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ अहम मंथन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ‘सुगम परिवहन सेवा’ के तहत ज़िलों के कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को ज़रूरी निर्देश दिए। इससे यात्रियों को बसों के व्यवस्थित संचालन का लाभ मिल सके।
अधिकारियों को सीएम के निर्देश
बैठक के दौरान सीएम मोहन यादव ने कहा कि, “ज़िला प्रशासन को नागरिकों और बस ऑपरेटरों की मदद करनी चाहिए, मौजूदा रूटों पर सुचारू संचालन सुनिश्चित करना चाहिए, बंद पड़े डिपो-टर्मिनल को चालू करना चाहिए और ज़रूरी जगहों पर स्टॉप और बस स्टैंड बनाने चाहिए। परमिट के अनुसार बसों का अनुशासित संचालन सुनिश्चित करें और निजी बसों की फिटनेस, परमिट, तथा ड्राइवरों के संचालन और व्यवहार की नियमित जांच करें।”
पांच सालों में 14,981 बस संचालन का लक्ष्य
इसके साथ ही मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि, “बसों के निर्बाध संचालन के लिए पुलिस थानों और ट्रैफिक पुलिस का सहयोग लें। आम जनता के हित में सभी संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित करें। हमारा लक्ष्य अगले पांच सालों में 14,981 बसों का संचालन करना है। इस सेवा में उन फिट बसों का भी उपयोग किया जा रहा है जो पहले से चल रही थीं।”












