मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने नरसिंहपुर ज़िले में संदीपनी स्कूल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सीएम मोहन यादव ने छात्रों के लिए 15 नई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बता दें कि मध्य प्रदेश के इतिहास में यह पहली बार है जब सरकारी स्कूलों के छात्रों के लिए भी बसें चलाई जा रही हैं।
31 विकास परियोजनाओं की सौगात
इसके अलावा मुख्यमंत्री मोहन यादव ने करोड़ों की सौगात भी दी। सीएम ने इस मौके पर 175.14 करोड़ की लागत वाली 31 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसके साथ ही ‘ओनरशिप राइट्स रिकॉर्ड एग्जीक्यूशन स्कीम’ के तहत लाभार्थियों को रजिस्ट्री प्रमाण-पत्र बांटे। साथ ही 35.56 लाख से अधिक सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों के खातों में 213.41 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की।
छात्रों के साथ किया संवाद
कार्यक्रम के दौरान सीएम मोहन यादव ने छात्रों के साथ संवाद भी किया। सीएम मोहन यादव ने कहा कि, “बच्चे देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं और इस नींव को मज़बूत करना हम सभी का कर्तव्य है। हमारी सरकार छात्रों को अच्छी और सभी सुविधाओं से युक्त शिक्षा देने के लिए लगातार काम कर रही है।”












