भोपाल में मुख्यमंत्री आवास पर सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक के दौरान मध्य प्रदेश में NHAI से जुड़े विभिन्न हाईवे प्रोजेक्ट्स की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में क्या चर्चा?
सीएम मोहन यादव ने बैठक की जानकारी देते हुए बताया कि, “बैठक में सैंडलपुर-नसरुल्लागंज बाईपास (NH-146B), उज्जैन-झालावाड़ फोरलेन, सतना-चित्रकूट 4-लेन, जबलपुर-लखनादौन-रायपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे और लोनी-बुरहानपुर लिंक से जुड़े लंबित मुद्दों का समाधान किया गया। अटल एक्सप्रेसवे का निर्माण ‘भारत रत्न’ श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मस्थली बटेश्वर तक बढ़ाया जाएगा। बालाघाट जिले में बेहतर सड़क कनेक्टिविटी के लिए एक कार्ययोजना तैयार की जाएगी। सिंहस्थ-2028 से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ और तय समय-सीमा में पूरा किया जाएगा।”
हाईवे प्रोजेक्ट्स पर तेज़ी से काम
मुख्यमंत्री ने बताया, “राज्य में हाईवे प्रोजेक्ट्स पर तेज़ी से काम हो रहा है, जिससे न केवल औद्योगिक गतिविधियों को बल्कि धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इन प्रोजेक्ट्स के निर्माण में तेज़ी आने से मध्य प्रदेश में सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास और विस्तार को नई गति मिलेगी।”












