प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर उत्तराखंड में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सचिवालय में मीडिया से रूबरू हुए। इस दौरान सीएम धामी ने कहा कि अभियान के माध्यम से सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार को केंद्र में रखा जाएगा। प्रदेशवासियों को ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से जोड़ा जाएगा।
अभियान के तहत 11 प्रमुख कार्यक्रम
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत 11 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिनमें विद्यार्थी, युवा, महिलाएं, लाभार्थी, अभिभावक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन और आम नागरिक भाग लेंगे। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलाव और लाभार्थियों की कहानियों को भी प्रमुखता से सामने लाया जाएगा।
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम
इसके साथ ही सीएम धामी ने जानकारी देते हुए बताया कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। जिसके तहत सरकारी योजनाओं के केंद्र, गैस वितरण केंद्रों,
राशन दुकानों, धार्मिक स्थलों और गंगा तट सहित विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्वलन एवं सामूहिक कार्यक्रम होंगे। सीएम धामी ने कहा कि ‘सेवा की कहानियों’ के माध्यम से सरकारी योजनाओं से हुए वास्तविक बदलावों को जनता तक पहुंचाया जाएगा। ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ में ‘विकसित भारत 2047’ से संबंधित कलश की स्थापना के साथ साइकिल और बाइक यात्रा भी प्रस्तावित है।











