तमिलनाडु सरकार ने राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने के लिए अहम पहल की है। मुख्यमंत्री विजय ने ‘नलम टीएन’ योजना का शुभारंभ किया है, इसके साथ ही सीएम विजय ने योजना को लेकर आधिकारिक वेबसाईट का भी शुभारंभ किया है।
योजना की वेबसाइट की लॉन्च
चेन्नई के स्टेट कॉलेज में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सीएम मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने योजना की वेबसाइट लॉन्च की। इसी मौके पर आधिकारिक लोगो भी जारी किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान सीएम विजय ने नव-नियुक्त चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए और उनसे सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का पालन करने का आह्वान किया।
स्वास्थ्यकर्मियों को नियुक्ति पत्र सौंपे
मुख्यमंत्री विजय ने कुल 751 सहायक चिकित्सा अधिकारियों और 1,393 स्वास्थ्य निरीक्षकों सहित 2,144 स्वास्थ्य कर्मियों को नियुक्ति आदेश प्रदान किए। राज्य सरकार की इस योजना का उद्देश्य सरकारी अस्पतालों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार करना तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना है।
स्वास्थ्य क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध
सीएम विजय ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बेहतर बुनियादी ढांचा और आधुनिक तकनीक के साथ-साथ चिकित्सा कर्मियों में संवेदनशीलता होना भी बहुत जरूरी है। इस अवसर पर उन्होंने नव-नियुक्त अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों से अपील की वे मरीजों के प्रति मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए कार्य करें।











